दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 16 अक्टूबर। किरंदुल थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और इसका विरोध करने वालों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
बुधवार को किरंदुल निवासी एक पीडि़ता के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आने पर थाना किरंदुल में आरोपी मोहम्मद सालीन के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(3) और 78(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे तुरंत गिरफ्तार किया गया। छेड़छाड़ की घटना का विरोध करने वाले व्यक्तियों के साथ मारपीट करने के आरोप में मो. सजीद और मो. आजाद के विरुद्ध भी धारा 296, 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पुन: विवाद कर उग्र होने पर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस द्वारा दोनों मामलों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।