दन्तेवाड़ा

श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए क्यूआर कोड से मिलेगा लोकेशन
13-Oct-2026 10:14 PM
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए क्यूआर कोड से मिलेगा लोकेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 13 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में शारदीय नवरात्रि के दौरान माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन एवं मेले में शामिल होने के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पंचायतों द्वारा ठहरने के विशेष इंतजाम किए गए हंै। जिसकी ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

श्रद्धालुओं के लिए दंतेवाड़ा, गीदम एवं आसपास के क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं, रैन बसेरों और अन्य भवनों को ठहरने के लिए चिह्नित किया गया है। इन स्थलों पर उपलब्ध क्षमता के अनुसार श्रद्धालु रुक सकेंगे। संबंधित स्थलों तक आसानी से पहुंचने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से लोकेशन की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

दंतेवाड़ा शहर एवं मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए नवीन धर्मशाला भवन में 100 लोगों, आश्रय स्थल में 50 लोगों तथा बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में 30 लोगों के रुकने की व्यवस्था है। इसी प्रकार वार्ड - 02 स्थित शुभ लग्न वाटिका में 100 पातररास सामुदायिक भवन में 25 तथा ग्राम पंचायत बालपेट के अंतर्गत भैरमबंद स्थित रीपा परियोजना भवन में 300 श्रद्धालुओं के ठहरने के इंतजाम किए गए हैं।

गीदम एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के लिए तहसील कार्यालय के पास एनएच-63 मुख्य मार्ग से लगे श्रीराम धर्मशाला में 110 लोगों तथा पुराने बाजार के पीछे एनएच-63 से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित स्वर्णकार समाज मंगल भवन में 200 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हाई स्कूल के पास स्थित नगर पंचायत गीदम का सांस्कृतिक भवन में 200, शक्तिस्थल के पास स्कूलपारा स्थित चितालंका सामुदायिक भवन में 50 तथा केंद्रीय विद्यालय चौक एवं महतारी सदन के पास उपलब्ध भवनों में 60 श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न ठहरने के स्थलों के नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। इनमें महेश ठाकुर, राजेन्द्र सोनी, बुधराम यादव और उषा नागेश सहित संबंधित प्रभारी शामिल हैं। श्रद्धालु आवश्यक जानकारी एवं सहायता के लिए संबंधित प्रभारियों से संपर्क कर सकते हैं।

प्रमुख ठहरने के स्थलों के क्यूआर कोड स्कैन कर उनकी लोकेशन भी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।


अन्य पोस्ट