दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 अक्टूबर। दंतेश्वरी शक्तिपीठ में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर में 9 हजार 261 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं।
माँ दंतेश्वरी मंदिर में नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर में भक्तों द्वारा मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कराए गए हैं। श्रद्धालुओं द्वारा तेल के 7 हजार 834 तथा घी के 1 हजार 427 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं।
ज्योति कलशों की दिव्य रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से आलोकित हो रहा है। नवरात्रि के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की।
जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा दर्शनार्थियों की सुविधा हेतु विशेष इंतजाम किए गए है। जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।