दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 8 अक्टूबर। दंतेवाड़ा जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत मतदाता सूची में छूटे हुए नागरिकों तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के नाम जोडऩे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में गीदम एवं बारसूर क्षेत्र के अधिकारियों की बैठक सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक, दंतेवाड़ा एवं कटेकल्याण की दोपहर 12 से 1 बजे तक तथा कुआकोंडा एवं बड़े बचेली क्षेत्र की बैठक दोपहर 1 - 2 बजे तक होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित तहसीलदारों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ, सुपरवाइजरों एवं निर्वाचन लिपिकों को निर्धारित समय एवं स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में विशेष अभियान के प्रभावी संचालन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा नए पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे की प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी।