दन्तेवाड़ा

इंटर सेक्टर वॉलीबॉल स्पर्धा: पीजी कॉलेज दंतेवाड़ा ने जावंगा को दी मात
09-Oct-2026 12:04 AM
इंटर सेक्टर वॉलीबॉल स्पर्धा: पीजी कॉलेज दंतेवाड़ा ने जावंगा को दी मात

दंतेवाड़ा, 8 अक्टूबर। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार खिताब अपने नाम किया।

 उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय भैरमगढ़ में 5 एवं 6 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में बस्तर सेक्टर के 15 महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। महाविद्यालय की टीम ने लगातार तीन राउंड के मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में आवापल्ली की टीम के विरुद्ध स्मैशर नवलीन, ओम और नागेश के दमदार प्रदर्शन की बदौलत दंतेवाड़ा की टीम ने 15-11 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला गत वर्ष की विजेता जावंगा महाविद्यालय की टीम के साथ हुआ। बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले में दंतेवाड़ा के खिलाडिय़ों ने शानदार तालमेल, खेल कौशल और संघर्ष का परिचय देते हुए जावंगा की टीम को सीधे सेटों में पराजित कर सेक्टर स्तरीय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

अभ्यास से मिली सफलता

महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी एवं टीम कोच डॉ. भारती रजक ने बताया कि खिलाड़ी नियमित रूप से प्रतिदिन अभ्यास करते हैं और यह सफलता उनकी मेहनत एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पहली बार महाविद्यालय की पुरुष वॉलीबॉल टीम द्वारा सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब जीतना पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विजेता टीम में नवलीन बड़ा, ओम कुमार काका, महावीर, मडक़म नागेश, हेमंत तेलामी, प्रियांशु नेगी, पिसे नागेश, अर्जुन आरकी, हर्ष मिश्रा, अंकित एवं मोक्ष शामिल रहे। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण मुरारी प्रसाद, प्राध्यापक डॉ. शिखा सरकार, डॉ. रत्नबाला मोहंती, समस्त सहायक प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय परिवार ने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अन्य पोस्ट