दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी व डीएवी पॉलिटेक्निक में अग्निवीर वायु की भर्ती पर जागरूकता
08-Oct-2026 9:08 PM
एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी व डीएवी पॉलिटेक्निक में अग्निवीर वायु की भर्ती पर जागरूकता

अफसरों ने भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक दक्षता और सेवा अवसरों की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 8 अक्टूबर। एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी एवं एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक में भारतीय वायुसेना में ‘अग्निवीर वायु’ के रूप में उपलब्ध कैरियर अवसरों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 भारतीय वायुसेना, भोपाल से जूनियर वारंट ऑफिसर आनंद राज एवं जूनियर वारंट ऑफिसर ए.के. सिंह तथा जिला रोजगार कार्यालय, दंतेवाड़ा से राज सिंह कंवर की उपस्थिति रही।

वायुसेना अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों एवं विद्यार्थियों को अग्निवीर वायु भर्ती की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, विषय एवं न्यूनतम अंकों, ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण, अनुकूलन क्षमता परीक्षण और चिकित्सा जांच सहित चयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 1600 मीटर दौड़, दंड-बैठक, उठक-बैठक, शारीरिक ऊंचाई, दृष्टि, श्रवण, दंत स्वास्थ्य सहित आवश्यक शारीरिक एवं चिकित्सा मानकों के बारे में भी बताया।

अधिकारियों ने अग्निवीर वायु के रूप में चयन के बाद मिलने वाले प्रशिक्षण, सैन्य अनुशासन, कार्य की जिम्मेदारियों, सुविधाओं, वेतन एवं अन्य सेवा लाभों की जानकारी देते हुए युवाओं को नियमित अध्ययन, शारीरिक अभ्यास और अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षणार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित पुस्तिकाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से भारतीय वायुसेना एवं अग्निवीर वायु से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रशिक्षणार्थियों को टी-शर्ट एवं उपयोगी पुस्तकों से पुरस्कृत किया गया। वहीं डीएवी पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. मुकेश ठाकुर को वायुसेना अधिकारियों द्वारा स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

मुख्य अतिथि अरविंद कुंजाम ने युवाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें देशसेवा के साथ रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय वायुसेना में कैरियर बनाने और देशसेवा के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का संचार हुआ।


अन्य पोस्ट