दन्तेवाड़ा

बिना ड्राइवर बेकाबू ट्रक ने वाहनों को रौंदा, मैकेनिक जख्मी
07-Oct-2026 11:17 PM
बिना ड्राइवर बेकाबू ट्रक ने वाहनों को रौंदा, मैकेनिक जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 7 अक्टूबर।  नगर के बस स्टैंड में एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में 10 वाहन आ गए। मौके से ट्रक चालक फरार हो गया, वहीं इस घटना में एक मैकेनिक भी घायल हो गया। यह घटना मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे की है।

ट्रक चालक वाहन को स्टार्ट कर वाहन से नीचे उतर गया था। इसी दौरान ट्रक अचानक आगे की ओर लुढक़ने लगा। बिना चालक के चल रहे ट्रक ने बस स्टैंड परिसर में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ट्रक की टक्कर से करीब 8 चारपहिया और 2 दोपहिया वाहन चपेट में आए और क्षतिग्रस्त हो गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान 24 वर्षीय मैकेनिक भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। उसके सिर में अंदरूनी चोट बताई गई है। घायल को अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम बस स्टैंड पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कियया।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटना को लेकर कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि हादसे में शामिल ट्रक क्रं. सीजी 04 क्यूएक्स 9781 है।

बस स्टैंड की पार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल-

बस स्टैंड में बेतरतीब खड़ी वाहनों को लेकर भी व्यवसासियों व यात्रियों में नाराजगी है। वाहनों का जमावाड़ा यहां लगा रहता है। बेतरतीब खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कई बार इसकी शिकायत की गई है लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं होती है।

भारी वाहनों को हटाने व पार्किंग व्यवस्था सही करने की मांग आम जनता ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से की है। पुलिस-प्रशासन से नियमित कार्रवाई करते हुए अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट