दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और रंगोली के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि वन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों को अनुशासित दिनचर्या अपनाने, समय प्रबंधन करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आस्था विद्या मंदिर दंतेवाड़ा के साथ-साथ सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर के बच्चों के लिए भी शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, विशेषकर सक्षम विद्यालय के दिव्यांग बच्चों के उत्साह और हुनर की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम - अगेष कुमार मरकाम, द्वितीय - अमित कुंजम, तृतीय - दिव्या कुंभकार। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम - सृष्टि तेलाम, द्वितीय - मोहनी बघेल।
कार्यक्रम में ओजस्वी मंडावी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।