दन्तेवाड़ा

61 लाख की सायबर ठगी, आरोपी राजस्थान से बंदी
30-Sep-2026 10:12 PM
61 लाख की सायबर ठगी,  आरोपी राजस्थान से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 30 सितंबर। दंतेवाड़ा की गीदम पुलिस द्वारा सायबर फ्रॉड के आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।

 निरीक्षक शशांक पौराणिक के नेतृत्व में साइबर फ्रॉड के आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया।  प्रार्थी भूपेंद्र तेलामी दन्तेवाड़ा की रिपोर्ट पर कुल 61,06,592 रूपये ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के संबंध में थाना गीदम में धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस एवं साइबर फॉरेंसिक टूल्स के माध्यम से साइबर फ्रॉड में संलिप्त आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश करते हुए आरोपी दिनेश, पिता भागीरथ राम, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम श्री कृष्ण नगर, चौकी लक्ष्मण नगर, थाना भोजासर, जिला फलोदी (राजस्थान) को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को ट्रांजिट रिमाण्ड पर दन्तेवाड़ा लाया गया। आरोपी को बुधवार के दिवस न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल  भेज दिया गया।   विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी बैंक खातों को किराये पर लेकर उनके माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का लेन-देन करते थे। इसके पश्चात उक्त धनराशि को क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर अपराध से संबंधित साक्ष्यों एवं धनराशि के वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था। उक्त प्रकरण में अब तक साइबर फ्रॉड में संलिप्त कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल दन्तेवाड़ा भेजा जा चुका है।


अन्य पोस्ट