दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 29 सितंबर। फरसपाल पुलिस ने बड़े भाई की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को प्रार्थी रंजीत भोगामी निवासी मिडकुलनार, स्कूलपारा द्वारा थाना फरसपाल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 26 सितंबर को लगभग एक बजे उसका चाचा मुन्ना भोगामी उसके घर आया तथा उसके पिता पिसो भोगामी को आवाज देकर कमरे में ले गया। प्रात: कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर दरवाजा खुलवाया गया, जहां पिसो भोगामी मृत अवस्था में पाए गए। मृतक के गले में टंगिया से वार किए जाने के निशान पाए गए।
विवेचना के दौरान आरोपी मुन्ना भोगामी ने बताया कि घटना वाली रात वह मृतक के घर में जबरन प्रवेश कर अंदर से कुंडी लगा रहा था, जिसका मृतक द्वारा विरोध किया जा रहा था। आरोपी एवं मृतक के बीच पूर्व से पैसों का लेन-देन भी बाकी था। इसी बात के आवेश में आकर आरोपी द्वारा टंगिया से वार कर मृतक की हत्या कर दी गई।
घटना के संबंध में थाना फरसपाल में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी मुन्ना भोगामी निवासी मिडकुलनार, स्कूलपारा, थाना फरसपाल, जिला दंतेवाड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।