दन्तेवाड़ा

अजा आयोग अध्यक्ष का दंतेवाड़ा प्रवास, समाज प्रमुखों ने रखीं मांगें
29-Sep-2026 10:25 PM
अजा आयोग अध्यक्ष का दंतेवाड़ा प्रवास, समाज प्रमुखों ने रखीं मांगें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 29 सितंबर। छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक रामलाल चौहान का आज दंतेवाड़ा प्रवास हुआ। उनके साथ आयोग के पूर्व सदस्य पुनीत चौहान भी मौजूद रहे। दंतेवाड़ा पहुंचने पर धनसिंग नाग, लता मरकाम, श्यामलाल सेठिया, बसंत खुरा, विजय सोनवानी, सुरेश नाग, शिवदास सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया और सर्किट हाउस ले गए।

सर्किट हाउस में अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न वर्गों के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित पत्र आयोग अध्यक्ष को सौंपे। इसके बाद समाज के लोगों ने उन्हें मां दंतेश्वरी मंदिर ले जाकर दर्शन कराया।

बैठक में समाज प्रमुखों ने पूर्व की भांति 16 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग रखी। साथ ही जातिगत भेदभाव, छुआछूत एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने बस्तर संभाग में अनुसूचित जाति की जनसंख्या के आधार पर राजनीतिक एवं स्थानीय निकायों में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

इसके अलावा जिस तरह अनुसूचित जनजाति वर्ग की बच्चियों को एनएमडीसी द्वारा नर्सिंग प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद भेजा जाता है, उसी तरह अनुसूचित जाति वर्ग की बच्चियों को भी नर्सिंग प्रशिक्षण का लाभ देने की मांग की गई। वहीं बीटीओए में स्थानीय अनुसूचित जाति के लोगों को निवास या जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर सदस्यता देने की मांग भी रखी गई, ताकि समाज के लोग ट्रांसपोर्टिंग एवं व्यापार से जुडक़र रोजगार प्राप्त कर सकें। आयोग अध्यक्ष रामलाल चौहान ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए नर्सिंग प्रशिक्षण के मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा करने और एनएमडीसी को आयोग की ओर से पत्र भेजने की बात कही। बीटीओए की मांग पर उन्होंने उसके बायलॉज देखने की बात कही। वहीं 16 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

बैठक में महार, गांणा, सतनामी एवं माहरा समाज सहित विभिन्न अनुसूचित जाति समाजों के पदाधिकारी एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट