दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा के हजारों ने उत्साह से लिया भाग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 सितंबर। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, दंतेवाड़ा द्वारा उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के हजारों ने उत्साह से भाग लिया। साथ ही आत्मसमर्पित नक्सलियों और बंदियों ने भी परीक्षा दी।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में आयोजित यह परीक्षा प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई। शिक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर 3 घंटे का समय दिया गया। प्रश्नपत्र में पढऩा, लिखना और गणित से संबंधित तीन मुख्य भाग शामिल थे।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा जिले के लिए 7,250 परीक्षार्थियों को साक्षर करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए चारों विकासखंडों के ग्राम पंचायत स्तर के स्कूलों को मिलाकर कुल 453 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया।
इसी क्रम में लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा स्थित आत्मसमर्पित नक्सली पुनर्वास केन्द्र में भी एक विशेष परीक्षा केन्द्र बनाया गया, जहां 39 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने मूल्यांकन परीक्षा में भाग लिया। इसी तरह जिला जेल दंतेवाड़ा में विचाराधीन बंदियों के लिए भी विशेष परीक्षा केन्द्र बनाया गया। यहां 49 ऐसे विचाराधीन बंदियों ने परीक्षा दी, जो पूर्व में असाक्षर थे और जिला जेल में संचालित साक्षरता कक्षा के माध्यम से 200 घंटे की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव प्रमोद ठाकुर, जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती और जिला मिशन समन्वयक हरिश सिंह गौतम ने जिला जेल, ग्राम भोगाम (कलारपारा) और कुआकोंडा (पुजारीपारा) स्थित केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। प्रत्येक विकासखंड में मॉडल उल्लास साक्षरता केंद्र बनाए गए थे, जहाँ शिक्षार्थियों के लिए सेल्फी जोन भी तैयार किए गए।