दन्तेवाड़ा

हजारों विद्यार्थी देंगे 27 को महापरीक्षा
24-Sep-2026 9:39 PM
हजारों विद्यार्थी देंगे 27 को महापरीक्षा

दंतेवाड़ा, 24 सितंबर। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण दन्तेवाड़ा के अध्यक्ष व कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन एवं सीईओ एम भार्गव के नेतृत्व में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थी परीक्षा देंगें।  महापरीक्षा का  27 सितम्बर को प्रात: 10 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित की जायेगी।

एम. भार्गव द्वारा जानकारी दी गई कि परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे शिक्षार्थियों को सम्मिलित कराया जाना है, जो शिक्षा की मुख्य धारा से कटे हुए या जो प्रांरभ से ही शाला त्यागी थे। इनके अलावा ऐसे नवसाक्षर जिन्होंने साक्षरता कक्षा में उल्लास प्रवेशिका के 200 घंटे की पढ़ाई पूरी कर ली है, उन्हें इस महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित कराया जाना है।

शिक्षार्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए तीन घंटे का समय दिया जाएगा। प्रश्न पत्र तीन भाग में है. पहला भाग पढऩा, दूसरा लिखना, तीसरा गणित एवं महापरीक्षा के सफल क्रियान्वयन व मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों को सौंपे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण दन्तेवाड़ा प्रमोद ठाकुर ने राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा अभियान के संबंध में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी खण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत् सचिवालय राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के द्वारा दन्तेवाड़ा जिले हेतु 7250 परीक्षार्थियों को साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया है।

 समस्त विकासखण्ड परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विकासखण्डों के चिन्हांकित ग्राम पंचायत व वार्ड के प्रधान पाठकों व शिक्षकों की बैठक लेकर परीक्षा पूर्व की तैयारी अवश्य पूर्ण कर लें. प्रत्येक विकासखण्ड में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जावे जो परीक्षा के दिन 11:30 बजे, 01:30 बजे व 03:50 तक की रिपोर्टिंग लेकर जिले में समय-समय पर सूचित करें।

जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती ने बताया कि राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशों का विकासखण्डों तक प्रचार-प्रसार, नामांकन, पंजीकरण, डाटा कम्प्यूटीकरण और परीक्षा की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के दायित्व दे दिये गये है साथ ही जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर मॉनिटरिंग हेतु दल का गठन किया गया है।

बंदी पूर्व नक्सली भी देंगे परीक्षा

 ज्ञात हो कि जिला जेल दन्तेवाड़ा में 53 विचाराधीन बंदी भी साक्षरता की परीक्षा देंगे एवं आत्म समर्पित नक्सली पुनर्वास केंद्र में भी 28 आत्म समर्पित नक्सली साक्षरता की परीक्षा देंगे।

परीक्षा में कराएं शामिल

 कलेक्टर श्री ध्रुव ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि आस-पास जो भी शिक्षार्थी उल्लास साक्षरता केन्द्र के माध्यम से पढऩा लिखना सीख रहे हैं। उन्हें परीक्षा केन्द्रों में सम्मिलित कराने हेतु विशेष पहल कर सहयोग प्रदान करें। 


अन्य पोस्ट