दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 24 सितंबर। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के विज्ञान एवं समाज कार्यक्रम के अंतर्गत एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक, दंतेवाड़ा द्वारा नियद-नेल्लानार क्षेत्र के कुपेर गांव में डिजिटल एवं मोबाइल बैंकिंग तथा साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 60 ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं स्थानीय हितग्राहियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट भी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, फोनपे, गूगल पे, पेटीएम एवं क्यूआर कोड के सुरक्षित उपयोग के साथ-साथ बैंकिंग की सामान्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन एवं पासवर्ड की गोपनीयता, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय समझाए गए। प्रतिभागियों को डिजिटल लेन-देन के बाद लेन-देन संख्या एवं रसीद सुरक्षित रखने तथा किसी संदिग्ध या असफल लेन-देन की स्थिति में बैंक से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में कुपेर ग्राम के मुखिया श्रीचंद नाग, देवनंद बारसा, पंच कुपेर तथा ग्राम के सम्माननीय नागरिक पिरूराम एवं जुगदर बारसा उपस्थित रहे। बैंकिंग क्षेत्र से मुख्य वक्ता राहुल अग्रवाल, शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, गीदम, दंतेवाड़ा तथा लोकेश रामटेके, भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधक, दंतेवाड़ा ने प्रतिभागियों को बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान से जुड़ी जानकारी सरल एवं व्यावहारिक तरीके से दी।
एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक, दंतेवाड़ा के प्राचार्य एवं संस्था प्रमुख डॉ. मुकेश ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग की जानकारी लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक वित्तीय लेन-देन के लिए सक्षम बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण की जानकारी अपने परिवार एवं स्वयं सहायता समूह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. रितुराज चंद्राकर, व्याख्याता, मैकेनिकल, एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक, दंतेवाड़ा ने कार्यक्रम के समन्वय एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को डिजिटल वित्तीय सेवाओं के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। आगामी चरण में कुपेर एवं धुरली गांवों में भी डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता से जुड़े प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।