दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों और राहवीर योजना की जानकारी
24-Sep-2026 2:38 PM
एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों और राहवीर योजना की जानकारी

सडक़ सुरक्षा, गोल्डन ऑवर और दुर्घटना पीडि़तों की मदद के प्रति किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 24 सितंबर। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत यातायात विभाग दंतेवाड़ा द्वारा बुधवार को एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में यातायात एवं सडक़ सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों के पालन, सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा दुर्घटना पीडि़तों की तत्काल मदद के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिवहन अधिकारी रविंद्र ठाकुर रहे। उनके साथ यातायात निरीक्षक मुकेश टाटी, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी, आरटीओ अधिकारी अरुण सलाम एवं यातायात प्रधान आरक्षक कोसमा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रशिक्षुओं से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट सहित आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की।

मुख्य अतिथि रविंद्र ठाकुर ने हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति में वाहन चलाने, नशे में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने पर विशेष जोर दिया। सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से सडक़ दुर्घटनाओं के कारणों और सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी।

इस दौरान प्रशिक्षुओं को राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सडक़ दुर्घटना में गंभीर घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने में मदद करने वाले पात्र व्यक्ति को 25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशंसा प्रमाण-पत्र दिया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 राहवीरों को प्रतिवर्ष 1 लाख का पुरस्कार भी दिया जाता है। वहीं प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पात्र सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिनों तक 1.50 लाख तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं से दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की मदद करने और आवश्यकता पडऩे पर 112 आपातकालीन सेवा से संपर्क करने की अपील की। कार्यक्रम में आईटीआई के प्रशिक्षुओं, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ की सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट