दन्तेवाड़ा

बचेली में हर्षोल्लास के साथ मनाया हरतालिका तीज पर्व
15-Sep-2026 10:14 PM
बचेली में हर्षोल्लास के साथ मनाया हरतालिका तीज पर्व

बचेली, 15 सितंबर। बचेली नगर में 14 सिंतबर, मंगलवार को हरतालिका तीज का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गायत्री सत्संग भवन परिसर और एफओएच कॉलोनी के कुदंकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। हरतालिका तीज के अवसर पर महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना को लेकर व्रत रखा। कई महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखते हुए शाम को पूजा-अर्चना की और तीज व्रत की कथा सुनी।

गायत्री सत्संग भवन परिसर में महिलाओं ने एक साथ पूजा की और भगवान शिव एवं माता पार्वती को फल, फूल और पूजा सामग्री अर्पित की। वहीं कुंदकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल रहा। तीज पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक परिधान और श्रृंगार के साथ पूजा में शामिल हुईं। पूजा के दौरान महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीत और भजन भी गाए।

हरतालिका तीज को लेकर मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। इसी मान्यता के चलते विवाहित महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए यह व्रत रखती हैं। वहीं अविवाहित युवतियां भी अच्छे जीवनसाथी की कामना के लिए तीज का व्रत करती हैं।


अन्य पोस्ट