दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 12 सितंबर। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 9, 11, 12, 14 एवं 15 के बच्चों के साथ उनके माता-पिता और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित खान-पान एवं उचित पोषण को लेकर अभिभावकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के दैनिक खान-पान में पौष्टिक एवं संतुलित आहार को शामिल करने, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की उपयोगिता तथा कुपोषण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने और उनके भोजन में हरी सब्जियां, दालें, फल, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हर बच्चे का अधिकार है पोषण और ज्ञान, सही पोषण, देश रोशन—न रहे कहीं कुपोषण तथा स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु, स्वस्थ समाज जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उर्मिला भारद्वाज, ज्योति पटेल, अनीता प्रधान एवं प्रतिभा बघेल सहित सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने भी कार्यक्रम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए बच्चों एवं उनके अभिभावकों को पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की। उपस्थित लोगों ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उचित पोषण को आवश्यक बताते हुए पोषण संबंधी संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।