दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 12 सितंबर ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के अंतर्गत शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या कॉलेज, दंतेवाड़ा में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी मुख्य अतिथि होंगे। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी तनूजा बेलसरिया द्वारा पोषण एवं महिला-बाल स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। वहीं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभम उइके आत्महत्या की रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विद्यार्थियों को जानकारी देंगे।
रंगारंग प्रस्तुतियां देंगी संदेश
कार्यक्रम स्थल पर पोषण, स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली एवं कुपोषण से बचाव पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विषय आधारित रंगोली, चित्रकला, मेहंदी एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या अर्चना झा के मार्गदर्शन में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रहेगी। गीत एवं नाटक दल द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
अपनाएं स्वस्थ जीवन शैली
केंद्रीय संचार ब्यूरो नें युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित संदेशों को अपनाने की अपील की है।