दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी के खिलाफ भीम आर्मी का प्रदर्शन
10-Sep-2026 10:47 PM
एनएमडीसी के खिलाफ भीम आर्मी का प्रदर्शन

रोजगार व बुनियादी मांगें, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 10 सितंबर। लौह अयस्क खनन क्षेत्र एनएमडीसी बचेली में स्थानीय मूलनिवासियों के अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला दंतेवाड़ा ने गुरुवार को बचेली विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर गौरव पथ के पास टेंट लगाकर धरना दिया और नारेबाजी करते हुए एनएमडीसी प्रबंधन से स्थानीय लोगों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की। इस दौरान संगठन की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) व एनएमडीसी बचेली को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र से लौह अयस्क का खनन कर एनएमडीसी को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन जिस क्षेत्र की जमीन और संसाधनों से यह गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां के मूलनिवासी आज भी सडक़, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संगठन ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए स्थानीय लोगों को उनके अधिकार और सुविधाएं दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगे

ज्ञापन में ठेका एवं आउटसोर्सिंग कार्यों में 80 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, नर्सरी से 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा एवं पीएससी/यूपीएससी कोचिंग, एनएमडीसी अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं तथा सीएसआर राशि से प्रभावित गांवों में सडक़, पेयजल, बिजली, पुस्तकालय और खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही अपोलो अस्पताल में स्थानीय लोगों के इलाज से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग भी उठाई गई।

संगठन ने इन मांगों पर कार्रवाई के लिए 10 अक्टूबर तक का समय दिया है। निर्धारित समय तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई है।


अन्य पोस्ट