दन्तेवाड़ा

कलेक्टर ने किया गांवों का दौरा, अस्पताल-स्कूलों का निरीक्षण
07-Sep-2026 10:47 PM
कलेक्टर ने किया गांवों का दौरा, अस्पताल-स्कूलों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 7 सितम्बर। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा के ग्रामीण इलाकों का सोमवार को गहन दौरा किया गया। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव विकासखंड कुआकोंडा के ग्राम पंचायत पोटाली और गढ़मिरी पहुंचे।

उन्होंने पोटाली में विभागीय योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन को जांचा। गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआरएलएम गतिविधियों, बीवी जी राम जी, के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सहज संवाद कर उनके कार्यों को न केवल सराहा। भविष्य की संभावना के विषयों में भी ग्रामीणों को आपसी चर्चा कर भागीदारी बढ़ाने अपील की।

कलेक्टर ने बच्चों की संख्या के अनुरूप आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

भ्रमण के क्रम में कलेक्टर ने प्राथमिक शाला बंडीपारा, पोटाली का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षक से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की दर्ज संख्या की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर ने अध्ययनरत बच्चों से उनका नाम पूछा तथा हिंदी वर्णमाला के ‘अ, आ’ सहित अन्य अक्षरों को पढऩे के लिए कहा। मौके पर बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अक्षरों को पढक़र कलेक्टर को सुनाया। बच्चों के आत्मविश्वास को देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का जायजा

कलेक्टर श्री ध्रुव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केन्द्र पोटाली का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में प्रतिदिन उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या, पंजीयन तथा उन्हें प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों से ली। कलेक्टर ने गर्भवती माताओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, हाई रिस्क प्रेगनेंसी के चिन्हांकन और आवश्यकता अनुसार उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सर्पदंश के मामलों में त्वरित उपचार के लिए एंटी-वेनम दवा की उपलब्ध करानें के निर्देश दिए।  इस दौरान सीईओ, तरुण देशमुख प्रमुख रूप से मौजूद थे।

बुधराम की करें विशेष देखभाल

इस क्रम में कलेक्टर ने बालक आश्रम शाला, गढ़मिरी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रहकर अध्ययन कर रहे बच्चों से आत्मीयता से संवाद करते हुए शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली।

मौके पर कलेक्टर ने कक्षा 2वीं, 3वीं एवं 4वीं के बच्चों से उनका नाम पूछने के साथ-साथ यह जाना कि उनके पढ़ाई का स्तर कैसा है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। साथ ही बच्चों से पूछा कि उन्हें पढ़ाई में मन लगता है या नहीं और पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होती। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपनी जिज्ञासाओं को शिक्षकों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों के सुबह नाश्ते के साथ-साथ दोपहर और रात्रि के भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी बच्चों के विचार जाने। इस दौरान बच्चों ने सकारात्मक उत्तर देकर संतुष्ट किया। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदाय के निर्देश दिए।

श्री ध्रुव ने कमजोर विद्यार्थी बुधराम कोर्राम की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल  के लिए भी संस्था के अधीक्षक को विशेष रूप से कहा। कलेक्टर ने आश्रम में स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए चिरायु टीम द्वारा बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उप स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।


अन्य पोस्ट