दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ (15 अगस्त - 2 अक्टूबर) के तहत शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह, एएसपी, जितेंद्र खूंटे के मार्ग निर्देशन एवं साइबर सेल प्रभारी ठाकुर गौरव सिंह के नेतृत्व में ‘मैं हूँ साइबर शिक्षक - साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर सुरक्षा पर महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित कर आमजनों एवं विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
शिक्षक सम्मान कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में जिस प्रकार शिक्षा आवश्यक है, उसी प्रकार सुरक्षित रहने के लिए साइबर शिक्षा भी अत्यंत अनिवार्य है। उन्होंने आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
कभी भी अपना बैंक ओटीपी, पासवर्ड या पिन किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। मैसेज या व्हाट्सएप पर प्राप्त संदिग्ध एपीके लिंक्स पर क्लिक न करें तथा ऐप्स केवल प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें। पुलिस, सीबीआई या बैंक अधिकारी बनकर फोन/वीडियो कॉल पर डराने वाले ठगों के बहकावे में न आएं।
पीजी कॉलेज दंतेवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे ने ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ से जुडऩे का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपील की कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी पोस्टर में दिए गए कोड को स्कैन कर अपनी ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ लें, इसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर करें और दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।