दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 6 सितंबर। भारतीय मजदूर संघ के औद्योगिक क्षेत्र से संबद्ध भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक 5 एवं 6 सितंबर को सेक्टर-04, बोकारो स्टील सिटी, झारखंड में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से इस्पात एवं खनन क्षेत्र से जुड़े संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान बचेली एवं किरंदुल क्षेत्र से भी श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
बैठक में एनएमडीसी नगरनार इस्पात मजदूर संघ की ओर से अध्यक्ष उमेश कुमार मिश्रा एवं महासचिव दिनेश कुमार सेठिया शामिल हुए। वहीं खदान मजदूर संघ, बचेली एवं किरंदुल की ओर से अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, अध्यक्ष सुभाष चंद्र बोस एवं महासचिव पुरन जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे।
दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक में इस्पात एवं खनन क्षेत्र के श्रमिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों, श्रमिक हितों, वर्तमान चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा एवं गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में श्रमिकों के अधिकारों एवं हितों की प्रभावी पैरवी करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यसमिति बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने संगठन की एकजुटता को मजबूत करने, श्रमिक हितों की रक्षा करने तथा उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।