दन्तेवाड़ा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा, 4 सितंबर। थाना अरनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोरोपरिया (पटेलपारा) में जादूटोना के संदेह में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को श्मशान घाट में जलाने की घटना सामने आई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 1 सितंबर की है।
सूचना प्राप्त होने पर थाना अरनपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 190, 191, 332(1), 238, 127(2), 115(2), 351 और 296 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। घटना के उपरांत एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए।
प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी, भीमा मंडावी, हिड़मा बारसे की पहचान की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से संबंधित अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों का परीक्षण जारी है।