दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी डीएवीआईटीआई भांसी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
03-Sep-2026 8:41 PM
एनएमडीसी डीएवीआईटीआई भांसी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

बचेली, 3 सितंबर। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दंतेवाड़ा से प्राप्त निर्देशानुसार एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 1 व 2 सितम्बर को किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षुओं, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

मतदाता जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्थान में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता प्रमुख रहे। प्रशिक्षुओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदान, लोकतंत्र एवं नागरिक जिम्मेदारियों से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’, ‘जागरूक मतदाता-मजबूत लोकतंत्र’ जैसे संदेशों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवा वर्ग समाज में जागरूकता का प्रभावी संदेशवाहक बन सकता है। उन्होंने सभी पात्र प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार श्रीवास्तव  एवं समस्त अनुदेशको के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने मतदाता जागरूकता की शपथ लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा अधिक से अधिक लोगों तक मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम प्रशिक्षुओं में जिम्मेदार नागरिकता, लोकतांत्रिक चेतना एवं सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।


अन्य पोस्ट