दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 3 सितंबर। जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास के कार्यों को पूर्ण करने विशेष मुहिम आरंभ की जा रही है। जिससे पीएम आवासों का लाभ ग्रामीण ग्रामीणों को मिल सके।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने एक बेहद व्यावहारिक और संवेदनशील पहल शुरू की है। जिसके तहत अब गांवों में शाम के वक्त विशेष ‘आवास जनचौपाल’ लगाई जाएगी।
इस चौपाल का खाका इस तरह तैयार किया गया है कि कागजी लेटलतीफी के बजाय मौके पर ही ठोस समाधान निकल सके। कलेक्टर ने कहा है कि निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी अनिवार्य रूप से चौपाल में हाजिर रहें। वहीं पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि, वे गांव के हर उस हितग्राही को चौपाल तक लेकर आएं, जिसका आशियाना किसी न किसी वजह से अधूरा खड़ा है।
चौपाल की छांव में अधिकारी सीधे ग्रामीणों के रूबरू होंगे, जहां निर्माण कार्य की वास्तविक जमीनी हकीकत परखी जाएगी।
किस्त मिलने में आ रही तकनीकी अड़चन हो, निर्माण सामग्री की किल्लत या फिर किसी सही मार्गदर्शन की दरकार, हर समस्या की गांठ ग्रामीणों के सामने ही सुलझाई जाएगी। प्रशासन की यह मुहिम - प्रयास दंतेवाड़ा के सुदूर इलाकों में अधूरे पड़े मकानों को जल्द से जल्द सुरक्षित, पक्की और स्वाभिमान की छत में तब्दील करने जा रहा है।