दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी में एल1 और एल2 की लंबित भर्ती शुरू
31-Aug-2026 9:32 PM
एनएमडीसी में एल1 और एल2 की लंबित भर्ती शुरू

करने की मांग, युवाओं का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 31 अगस्त। एनएमडीसी बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में लंबित एल1 और एल2 भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संभावित पुनर्नियुक्ति के विरोध में स्थानीय युवाओं ने सोम़वार को प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं का समर्थन प्राप्त रहा।

हनुमान मंदिर गौरव पथ से निकली रैली एनएमडीसी बचेली के सीआईएसएफ चेकपोस्ट तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने नियमित भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पहुंचे एनएमडीसी बचेली के मुख्य महाप्रबंधक  श्रीधर कोडाली और उपमहाप्रबंधक सौरभ कुमार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन पर मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय उनके स्तर पर नहीं लिया जा सकता। उन्होंने ज्ञापन को एनएमडीसी के उच्च प्रबंधन एवं सीएमडी को भेजने तथा वहां से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव व जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा ने स्थानीय युवाओं की मांग का समर्थन करते हुए लंबित भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने की बात कही। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और प्रबंधन से इस दिशा में निर्णय लेने की अपील की।

10 दिवस का अल्टीमेटम

प्रदर्शनकारियों ने एनएमडीसी प्रबंधन को मांगों पर कार्रवाई के लिए 10 दिनों का समय दिया है। उन्होंने समय-सीमा के भीतर निर्णय न होने पर आगामी आंदोलन करने की चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट