दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स में 50 हजार लीटर क्षमता के 2 अत्याधुनिक स्प्रिंकलर शुरू
30-Aug-2026 7:46 PM
एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स में 50 हजार लीटर क्षमता के 2 अत्याधुनिक स्प्रिंकलर शुरू

धूल नियंत्रण के साथ अग्निशमन व्यवस्था से बढ़ेगी खदानों की सुरक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 30 अगस्त। एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स की खदानों में धूल नियंत्रण, पर्यावरण प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बचेली कॉम्प्लेक्स में अग्निशमन व्यवस्था से सुसज्जित कोमात्सु कंपनी निर्मित 50 हजार लीटर क्षमता के दो अत्याधुनिक वॉटर स्प्रिंकलर का शुभारंभ किया गया।

नए वॉटर स्प्रिंकलर में प्रोजेक्ट क्रमांक डब्ल्यूटी-8 को डिपॉजिट-10/11ए तथा प्रोजेक्ट क्रमांक डब्ल्यूटी-9 को डिपॉजिट-5 में कमीशन किया गया है। नव-कमीशन किए गए इन वाहनों की चाबियां एम/एस एलएंडटी के प्रतिनिधि द्वारा श्रीधर कोडाली, एचओपी तथा टी. शिवा कुमार, सीजीएम (प्रोडक्शन) की उपस्थिति में सौंपी गईं।

50 हजार लीटर क्षमता वाले ये वॉटर स्प्रिंकलर दोनों खनन क्षेत्रों में प्रभावी रूप से धूल नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे खदानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। इन अत्याधुनिक वाहनों में एकीकृत अग्निशमन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे खदान क्षेत्रों में आग से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत होगी। बचेली कॉम्प्लेक्स में इन उन्नत उपयोगिता वाहनों का कमीशनिंग खनन कार्यों की परिचालन दक्षता, पर्यावरण प्रबंधन और सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट