दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 29 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुटेपाल में मॉनिटर लिजार्ड (गोह), जिसे स्थानीय भाषा में उरपाल कहा जाता है, को पकडक़र पकाने और खाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड होने के बाद बचेली वन परिक्षेत्र की टीम ने खुटेपाल के पटेल पारा निवासी तीन ग्रामीणों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।
वन विभाग की टीम ने 26 अगस्त को सुबह करीब 7 बजे तीनों ग्रामीणों नंदा, ऊंगा ओयाम और ओसाम को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान ऊंगा ओयाम ने बताया कि वह अन्य लोगों के साथ टीकमपाल के समीप जंगल में गाय चराने गया था, जहां एक कुत्ते ने गोह को पकड़ लिया। इसके बाद वे उसे घर लाकर पकाकर खा गए और घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
ज्ञात हो कि मॉनिटर लिजार्ड (गोह) छिपकली वर्ग का एक सरीसृप है, जो जंगलों और प्राकृतिक क्षेत्रों में पाया जाता है।
वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि वन्यजीव को किस परिस्थिति में लाया गया और इसमें कौन-कौन शामिल थे। बयानों और वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जांच पूरी होने के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।