दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 29 अगस्त। छिंदनार में आगामी दिनों में प्रस्तावित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रदेश के वन तथा परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप शामिल होंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं तैयारियों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने छिंदनार पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिजली, माइक, टेंट, बैठक व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ध्रुव ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने एसडीएम तथा जनपद पंचायत गीदम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की प्रस्तावित व्यवस्थाओं एवं आवश्यक संसाधनों की जानकारी कलेक्टर को दी। कलेक्टर श्री ध्रुव ने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरे के दौरान डीएफओ रामकृष्ण रंगानाथा वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।