दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक (शाखा बचेली) परिसर में एक दिवसीय कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन गत दिनों किया गया।
शिविर में पुलिस थाना बचेली के सहयोग से साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी (ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़ी धोखाधड़ी) से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, मोटर दुर्घटना दावा प्रक्रिया, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम कानून तथा नि:शुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों पर जानकारी प्रदान की गई।
आयोजन में पुलिस विभाग से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ज्योति बंजारे, विधिक सेवा प्राधिकरण से रीता चौहान (पीएलवी), संतोष दीवान, दंतेश्वरी मजूमदार, लक्की गावड़े, पुलिस बल के जवान, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।