दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 26 अगस्त। भारतीय स्टेट बैंक, किरंदुल, नकुलनार एवं भांसी के सहयोग से थाना किरंदुल, भांसी, कटेकल्याण कुआकोण्डा पुलिस द्वारा साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी, बैंकफ्रॉड से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक, दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूँटे एवं सायबर नोडल अधिकारी ठाकुर गौरव सिंह के निर्देशन में जिले में संचालित साइबर अपराध जागृति अभियान के अंतर्गत दिवस वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा पर बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानो में अभियान संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बैंकिंग माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी भुगतान अनुरोध, पिन/पासकोड के माध्यम से विगत की जाने वाली ठगी तथा संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में बैंक ग्राहकों को विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में समझाइश दी गई।
बैंक ग्राहकों को विशेष रूप से अवगत कराया गया कि ओटीपी का उपयोग राशि भेजने अथवा भुगतान करने के लिए किया जाता है। राशि प्राप्त करने के लिए ओटीपी की आवश्यकता नहीं होती। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन न करने तथा ओटीपी, एटीएम - डेबिट कार्ड विवरण, पिन, पासवर्ड एवं अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की गई।
1930 पर करें सूचना
दंतेवाड़ा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा संबंधित बैंक को भी सूचना दें।