दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 25 अगस्त। जिले में ‘बने खाबों, बने रहिबों’ राज्य स्तरीय विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 19 से 23 अगस्त तक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, खाद्य परोसने वाले संस्थानों, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया।
इस निरीक्षण के दौरान पेयजल की गुणवत्ता, बासी खाद्य पदार्थों का उपयोग, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, अखबारी कागज के उपयोग तथा खाद्य पदार्थों की स्वच्छता एवं सुरक्षित रख-रखाव की जांच की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही की गई। खाद्य कारोबारियों एवं उपभोक्ताओं को अस्वच्छ एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया गया।
सफाई से तैयार हो खान-पान
इस अभियान का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्देशों से अवगत कराना तथा आमजन में स्वच्छ एवं स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की स्वच्छता एवं सुरक्षा, रसोईघर की साफ-सफाई तथा प्रतिष्ठान में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। खाद्य विक्रेताओं को पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की खरीदी-विक्रय में निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों का पालन करने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण कच्चे खाद्य पदार्थों का उपयोग करने की समझाइश दी गई।
अभियान के तहत जिले के बचेली क्षेत्र से परीक्षण हेतु 5 विधिक नमूने एवं 5 सर्विलांस नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर में भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई नमूना अमानक पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।