दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 25 अगस्त। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा संचालित जिला विज्ञान केंद्र में तृतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के ऐतिहासिक चंद्रयान-3 मिशन की सफलता की स्मृति में आयोजित विज्ञान महोत्सव में शासकीय कन्या उमावि दंतेवाड़ा, सक्षम विद्यालय जावंगा, शासकीय उमावि आंवराभाटा, छू लो आसमान (बालिका) सहित विभिन्न विद्यालयों के 70 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका दंतेवाड़ा के उपाध्यक्ष, गुप्त कैलाश मिश्र, विशिष्ट अतिथि पार्षद श्रवण कड़ती ने किया। इस दौरान डीईओ प्रमोद ठाकुर, जिला मिशन समन्वयक हरीश गौतम तथा नोडल अधिकारी वेंकट ताटी मौजूद थे। मौके पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जल रॉकेट निर्माण कार्यशाला रहा। विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं द्वारा बेकार प्लास्टिक बोतलों और गत्ते की सहायता से अपने जल रॉकेट तैयार किए। इस दौरान उन्हें वायुगतिकी और न्यूटन के गति के नियमों को प्रयोग के माध्यम से समझाया गया। इसके बाद विज्ञान केंद्र के मैदान में विद्यार्थियों द्वारा तैयार रॉकेटों ने पानी और वायु के दबाव से सफल उड़ान भरी। रॉकेटों को आसमान में उड़ता देख विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आंवराभाटा की कक्षा 9वीं की छात्रा आयुषी साहू ने प्रथम, वाणी साहू ने द्वितीय तथा मनीता बघेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में पल्लवी यादव, सुगंध, डालेंद्र एवं तनु साहू को उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए पुरस्कृत किया गया।
समापन अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन रावटे, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जावंगा के राघवेंद्र दीवान तथा जिला विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी वेंकट ताटी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। सभी 70 प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
जिला विज्ञान केंद्र के प्रधान संग्रहाध्यक्ष एवं केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण और प्रयोगशीलता को बढ़ावा देना है, ताकि दक्षिण बस्तर के विद्यार्थी भविष्य में विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला विज्ञान केंद्र की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विज्ञान संचारक डिकेश यादव, रोशनी ताती, मंगलू पोडियम एवं अनुसेवक मुकेश शोरी ने कार्यशाला सामग्री प्रबंधन, तकनीकी सहयोग और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई।