दन्तेवाड़ा
बचेली, 25 अगस्त। एनएमडीसी बचेली परियोजना में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति और निजी बसों के संचालन हेतु जारी किए गए कार्य आदेश (वर्क ऑर्डर) के विषय में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) ने आपत्ति व्यक्त की है। यूनियन के अध्यक्ष चंद्र कुमार मंडावी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक (मानव संसाधन) को ज्ञापन सौंपकर इन प्रक्रियाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
इंटक का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुनर्नियोजित करने के बजाय रिक्त पदों (एल-1 एवं एल-2 ) पर पूर्व से लंबित भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए। संगठन के अनुसार, पुनर्नियुक्ति से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसरों तथा कार्यरत कर्मियों की पदोन्नति पर प्रभाव पड़ता है।
यूनियन के अनुसार, परियोजना में दैनिक आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त बसें उपलब्ध हैं। इसके बावजूद निजी बसों के संचालन हेतु जारी किए गए वर्क ऑर्डर और उसकी निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे निरस्त करने की मांग की गई है।
यूनियन की प्रमुख मांगें-इंटक ने प्रबंधन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं- सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक।
एल-1 एवं एल-2 वर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करना। निजी बसों के संचालन से संबंधित जारी वर्क ऑर्डर को निरस्त करना। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 1 सितंबर से बस्तर क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं में भी पुनर्नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया प्रस्तावित है, जिसे लेकर श्रमिक संगठनों की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग की जा रही है।