दन्तेवाड़ा

महिला किसानों को जोड़ा जा रहा है जैविक उड़द की खेती से, बांटी बीज-दवाई
24-Aug-2026 4:00 PM
महिला किसानों को जोड़ा जा रहा है जैविक उड़द की खेती से, बांटी बीज-दवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 24 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा में महिला किसानों की आय बढ़ाने महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम भार्गव के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’, कृषि विभाग तथा प्रदान संस्था के तकनीकी सहयोग से बालूद एवं भोगाम संकुल की 250 महिला किसानों को जैविक उड़द की खेती से जोड़ा जा रहा है।

  इस अभियान में प्रत्येक महिला किसान को एक-एक एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं जैविक पद्धति से उड़द की खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज एवं जैविक दवायें उपलब्ध कराई गई। योजना का उद्देश्य विकासखंड दंतेवाड़ा के पांच प्रमुख गांवों को मॉडल जैविक गांव के रूप में विकसित करना है, जिससे अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी जैविक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।

 कृषि की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए बिहान योजना की कृषि सखियों द्वारा किसानों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। किसानों को ट्राइकोडर्मा एवं राइजोबियम कल्चर से बीजोपचार, उचित दूरी पर कतारबद्ध बुवाई, मटका खाद, जीवामृत तथा प्राकृतिक कीट-व्याधि प्रबंधन जैसी जैविक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

महिला किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए बिहान की मां दंतेश्वरी किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी) के माध्यम से मार्केटिंग एवं बाजार संयोजन की व्यवस्था की गई है। इससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि की संभावना है।

   इस कार्यक्रम में उप संचालक, सूरज पंसारी,जिला कार्यक्रम प्रबंधक-आजीविका नितेश कुमार देवांगन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सामाजिक समावेशन उमेश पाल, प्रदान संस्था से जयदेव, महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद थीं।


अन्य पोस्ट