दन्तेवाड़ा

मोबाइल तारामंडल शो, बच्चों में उत्साह
23-Aug-2026 9:45 PM
मोबाइल तारामंडल शो, बच्चों में उत्साह

दंतेवाड़ा, 23 अगस्त। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा में पहली बार डिजिटल भ्रमणशील तारामंडल का लाइव शो आयोजित किया गया। मोबाइल तारामंडल शो रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया।           

डिजिटल डोम में दर्शकों को 360 डिग्री के माध्यम से अंतरिक्ष, सौरमंडल, ग्रहों और तारों का अद्भुत एवं सजीव अनुभव कराया गया। विशेष रूप से बच्चों और विद्यार्थियों के लिए यह शो आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने डोम के अंदर बैठकर अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखा और ब्रह्मांड से जुड़े कई रोचक तथ्यों की जानकारी प्राप्त की।      

मोबाइल तारामंडल में शो देखने पहुंचे बच्चों के चेहरों पर उत्साह और जिज्ञासा साफ नजर आई। अंतरिक्ष और ग्रहों को 360 डिग्री में अपनी आंखों के सामने देखकर बच्चे रोमांचित नजर आए। बच्चों ने बताया कि उन्होंने किताबों और तस्वीरों में ग्रहों एवं तारों के बारे में पढ़ा था, लेकिन डिजिटल डोम में उन्हें अंतरिक्ष को करीब से देखने जैसा अनुभव हुआ। कई बच्चों ने सौरमंडल, पृथ्वी, चंद्रमा और तारों से जुड़े सवाल भी पूछे। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और यादगार बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के विज्ञान आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।

अंतरिक्ष के संसार का करें अनुभव

     इस कार्यक्रम में नागरिकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया। जिला विज्ञान केंद्र ने दंतेवाड़ावासियों से परिवार एवं बच्चों के साथ पहुंचकर अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया का अनुभव लेने की अपील की।


अन्य पोस्ट