दन्तेवाड़ा

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बैंकिंग सुविधा करें सरल - कलेक्टर
21-Aug-2026 4:23 PM
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली  योजना, बैंकिंग सुविधा करें सरल - कलेक्टर

दंतेवाड़ा, 21 अगस्त। दंतेवाड़ा प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना संचालित कार्यों की गुरुवार को समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेश  कुमार ध्रुव द्वारा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

  बैठक में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जिले की प्रगति, हितग्राहियों की संख्या, प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति की गहन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इसे केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए इसके त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिले में अन्य उपभोक्ताओं को चिन्हित करने के अलावा शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों को भी योजना के तहत लाभान्वित करने हेतु प्राथमिकता दी जाए। इसके इच्छुक लाभार्थियों के लिए बैंकिंग एवं वेंडरों की सेवाएं सुविधाजनक एवं सरल होनी चाहिए। जिससे अन्य उपभोक्ताओं को भी इससे लाभान्वित होने के लिए प्रेरणा मिले।

उन्होंने हितग्राहियों को योजना के तहत दिए जाने वाले बैंक लोन के संबंध में बैंक और अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

  उल्लेखनीय है कि ’’प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’’ परिवारों को न केवल बिजली के भारी भरकम बिलों से मुक्त करती है इसके साथ ही ये परिवार अपने बिजली खुद पैदा करने और सीएसपीडीसीएल नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड को अतिरिक्त बिजली भेज कर कमाई करने में मदद करती है। इसके तहत आ रहे बिजली बिलों में एक किलो वॉट सौर सिस्टम लगाने पर 80 से 100 प्रतिशत की कमी, दो किलो वाट लगाने से 70 से 90 प्रतिशत की कमी हो जाती है। इसके साथ ही दो किलो वाट लगाने से एसी जैसे अन्य उपकरण भी चलाए जा सकते है। मालूम हो कि सकल सेटअप लागत के अंतर्गत केंद्र और राज्य में सब्सिडी भी दी जाती है इसके तहत एक किलों में वॉट मे 45 हजार, दो किलो वॉट में  90 हजार तथा तीन किलो वॉट में 1 लाख  8 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक के खाते में जमा हो जाती है। स्टेट बैंक के द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आसान ऋण विकल्प भी दिए जा रहे है।


अन्य पोस्ट