दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 19 अगस्त। भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड के बचेली परियोजना द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत छत्तीसगढ़ के बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के कुल 90 (67 छात्राओं एवं 23 छात्रों) अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए एनएमडीसी स्वास्थ्य कौशल योजना के अंतर्गत अधिष्ठापन कार्यक्रम का आयोजन 18अगस्त को मंगल भवन, एनएमडीसी बचेली में किया गया।
इन सभी छात्र- छात्राओं को मेडिकल टेक्नोलॉजी के कुल 06 पाठ्यक्रमों यथा बीएससी इमरजेंसी मेडिकल टेक्नोलॉजी, बीएससी मेडिक लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, बीएससी एनेस्थीसियोलॉजी एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बीएससी इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बीएससी फिजिशियन असिस्टेंट तथा बीएससी रिनल डायलिसिस टेक्नोलॉजी में अध्ययन हेतु अपोलो यूनिवर्सिटी, चित्तूर पहुंचने के लिए एनएमडीसी, बचेली के मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन ) टी शिव कुमार द्वारा मंगलवार को सुबह हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एमएमडीसी के सीएसआर विभाग द्वारा अतिथिगणों के करकमलों से सभी बालक और बालिकाओं को कार्यक्रम के दौरान स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एनएमडीसी के कर्मचारीगण, यूनियन के पदाधिकारीगण, आदिवासी संघ, सीएसआर कर्मचारियों तथा अभिभावकगणों की उपस्थिति रही।