दन्तेवाड़ा

बचेली में ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन
12-Aug-2026 9:44 PM
बचेली में ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन

केंद्र की नीतियों के खिलाफ उठाई आवाज

बचेली, 12 अगस्त। केंद्र सरकार की श्रम एवं आर्थिक नीतियों के विरोध में संयुक्त केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को बचेली में राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस मनाया गया। इस दौरान ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों, श्रमिकों और किसानों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया तथा विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाने, श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने श्रम कानूनों में किए गए बदलावों का विरोध करते हुए चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग भी उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा के तहत मनरेगा को पूर्वर्वत जारी रखने, मजदूरी में वृद्धि, न्यूनतम वेतन को 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा कर्मचारियों के लंबित वेतनमान संबंधी मुद्दों के निराकरण की मांग भी सामने रखी गई।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिक-किसान एकता और अपने अधिकारों को लेकर नारेबाजी की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट