दन्तेवाड़ा
बचेली, 12 अगस्त। किसी अनजान जरूरतमंद की मदद के लिए समय पर उठाया गया एक कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है। ऐसा ही मानवीय उदाहरण बुधवार को किरंदुल में देखने को मिला, जब दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता की सूचना मिलते ही एनएमडीसी अधिकारी मोहित तोमर बचेली से करीब 10 किलोमीटर दूर किरंदुल अस्पताल पहुंच गए और रक्तदान कर मरीज की मदद की।
एनएमडीसी के डिपॉजिट-10/11 ए (बचेली) स्थित स्क्रीनिंग प्लांट में उप प्रबंधक (यांत्रिकी) मोहित तोमर को सुबह ड्यूटी के लिए निकलते समय एक युवक का फोन आया। युवक ने बताया कि उसकी मां की तबीयत गंभीर है ।
और ऑपरेशन के लिए तत्काल ओ-नेगेटिव रक्त की जरूरत है। सूचना मिलते ही श्री तोमर ने बिना देर किए मदद का भरोसा दिलाया और अपनी धर्मपत्नी के साथ किरंडुल प्रोजेक्ट अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोहित तोमर ने रक्तदान किया। यह उनके जीवन का 47वां रक्तदान रहा। समय पर दुर्लभ रक्त उपलब्ध होने से मरीज के परिजनों ने राहत की सांस ली और उन्होंने श्री तोमर के प्रति आभार जताया।
रक्तदान के बाद श्री तोमर ने कहा कि जरूरत के समय किसी के काम आना ही सबसे बड़ा संतोष है। उन्होंने मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते रहना चाहते हैं।
मोहित तोमर के इस सेवा भाव की सहकर्मियों, स्थानीय लोगों और अस्पताल प्रशासन ने सराहना की।