दन्तेवाड़ा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली, 12 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले के बचेली के परियोजना क्षेत्र में कलपतरु कंपनी के साइट पर खड़ी दो भारी मशीनों में 10-11 अगस्त की रात आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना में एक एक्सकेवेटर और क्रेन मशीन के इंजन हिस्से में आग लगने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कंपनी की मशीनों को आग लगाया गया। हालांकि, पुलिस ने घटना को नक्सली वारदात मानने से फिलहाल इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मौके से ऐसा कोई स्पष्ट साक्ष्य या पर्चा बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना का नक्सली गतिविधि से सीधा संबंध स्थापित हो सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीनों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक दोनों मशीन के इंजन हिस्से मे आग लगाई गई थी। आसपास तैनात सुरक्षा गार्डो ने मशीनों से धुआँ व आग निकलते देख तत्काल कार्रवाई की। आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे आसपास मौजूद अन्य संसाधनों और मशीनों को ज़्यदा नुकसान से बचाया जा सका। पुलिस ने घटना से जुड़े संभावित कारणों और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
नक्सली तरीके जैसी आगजनी, लेकिन नहीं मिला कोई पर्चा
मशीनों में आग लगाए जाने का तरीका नक्सली घटनाओं से मिलता-जुलता होने की बात सामने आई है, जिसके बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौके से कोई ऐसा प्रमाण नहीं मिला है, जिससे इसे नक्सली घटना कहा जा सके। फिलहाल पुलिस इसे सामान्य आपराधिक घटना मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस आसपास लगे सुरक्षा इंतजामों, मौके पर मौजूद लोगों तथा घटना के समय क्षेत्र में हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।