दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) की 230 बटालियन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अगस्त को नेरली स्थित 230 बटालियन सीआरपीएफ कैंप में अधिकारियों एवं जवानों ने संयुक्त रूप से ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम में 230 बटालियन के कमांडेंट रविशंकर कुमार की अध्यक्षता में बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। जवानों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।इस अवसर पर स्थानीय मीडिया के सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।