दन्तेवाड़ा

सावन का दूसरा सोमवार, निकली कांवड़ यात्रा
10-Aug-2026 11:15 PM
सावन का दूसरा सोमवार, निकली कांवड़ यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 10 अगस्त। सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। भगवान शिव की आराधना और आस्था से सराबोर मॉर्निंग युवा एनर्जी ग्रुप के तत्वावधान में सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा निकाली गई। भगवा वस्त्रों में सजे कांवडि़ए हाथों में कांवड़ लेकर हर-हर महादेव, बोल बम और ओम नम: शिवाय के जयघोष करते हुए निकले।

कांवड़ यात्रा की शुरुआत नगर के मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर से हुई। यहां से कांवडि़ए पैदल यात्रा करते हुए नेरली स्थित झरने तक पहुंचे। झरने से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु वापस नगर की ओर रवाना हुए। रेलवे कॉलोनी स्थित लिंगेश्वर मंदिर पहुंची, जहां कांवडिय़ों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।

सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर नगर के विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पुराना मार्केट शिव मंदिर, एफओ एच कॉलोनी कुंडकेश्वर महादेव मंदिर, आरईएस कॉलोनी शिवालय, वन विभाग परिक्षेत्र स्थित मंदिर तथा वार्ड क्रमांक-1 साम्पलेक्स नाला स्थित भोलेनाथ मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।

महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना की। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, पुष्प, दूध और जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ यात्रा और मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना के चलते पूरा नगर दिनभर भक्ति और शिव आराधना के रंग में रंगा नजर आया।


अन्य पोस्ट