दन्तेवाड़ा

ईएलसी नोडल अफसरों-मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण
10-Aug-2026 3:20 PM
ईएलसी नोडल अफसरों-मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 9 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय दंतेवाड़ा के भू-तल स्थित शंकनी सभाकक्ष में ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के नोडल अधिकारियों एवं तहसीलों के मास्टर ट्रेनर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में जिले के महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारियों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ईएलसी कार्य योजना के विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन, युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से ईएलसी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा कार्यक्रम की तिथि की पूर्व सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं संबंधित बीएलओ को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने तथा छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मूलचंद चोपड़ा सहित जिले के महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारी, तहसीलों के मास्टर ट्रेनर्स मौजूद थे।


अन्य पोस्ट