दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 9 अगस्त। भारतीय जनता युवा मोर्चा का तिरंगा अभियान दंतेवाड़ा में जारी है। किरंदुल वार्ड - 10 में आज शहीद नगर सैनिक जितेंद्र साधक की माता गीता साधक से उनके निवास स्थान पर भेंट हुई एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें तिरंगा ध्वज भेंट किया ।
उल्लेखनीय है कि साप्ताहिक बाजार बचेली में वर्ष -2012 की 2 मई को पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई थी। जिसमें जितेंद्र साधक शहीद हो गए थे। वीर सपूत ने देश के लिए अपने प्राण बलिदान कर दिया। आज उनकी माताजी को सम्मान स्वरूप तिरंगा भेंट किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष राहुल ने किया संवाद
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से माताजी से संवाद किया और उनके साहस व त्याग को नमन किया। कहा-शहीदों की माताओं का आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। देश ऐसे वीर सपूतों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।