दन्तेवाड़ा

विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम
07-Aug-2026 11:05 PM
विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 7 अगस्त। एकीकृत बाल विकास परियोजना दंतेवाड़ा द्वारा शक्ति केंद्र में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, किशोरी बालिकाएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुईं।

इस अवसर पर वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के लिए इसके लाभ तथा सही तरीके से स्तनपान कराने की जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर एवं नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने माताओं को जन्म के तुरंत बाद स्तनपान प्रारंभ करने तथा छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्तनपान शिशु के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ कुपोषण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इस दौरान जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री तनुजा बेलसरिया नें प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को स्तनपान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी रविकांत ध्रुव ने शीघ्र एवं सतत् स्तनपान अपनाकर कुपोषण की रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी।

रैली निकाल  स्तनपान का प्रचार

कार्यक्रम के समापन पर स्तनपान के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की पार्षद अनिता शर्मा, विमला नाग एवं लता मरकाम, नवा बिहान से मनीषा ठाकुर, सखी वन स्टॉप सेंटर से संगीता देवांगन एवं रेखा सिंह सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी उषा सिंह ने किया।


अन्य पोस्ट