दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 7 अगस्त। जिला प्रशासन के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना से यह उपलब्धि संभव हो सकी है। कटेकल्याण विकासखंड अंतर्गत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर जंगमपाल, जिले के अंतिम उप स्वास्थ्य केंद्रों में से एक है। जिला मुख्यालय, दंतेवाड़ा से जंगमपाल की दूरी 110 किलोमीटर है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले यहां के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सुकमा जिला अस्पताल जाना पड़ता था। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन के बाद आमूलचूल परिवर्तन आया।
वर्तमान में यहां निशुल्क लैब जांच, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा 12 प्रकार की आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सबसे बड़ा बदलाव मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में देखने को मिला है। अब गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए जिला अस्पताल या कटेकल्याण नहीं जाना पड़ रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्र में ही उनकी नियमित जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान, निरंतर फॉलोअप एवं सुरक्षित संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी का परिणाम है कि पिछले तीन महीनों में जंगमपाल आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 23 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराया गया है।
यह उपलब्धि ग्रामीणों के बढ़ते विश्वास और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को दर्शाती है। इस अंतिम उप स्वास्थ्य केंद्र में संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध होना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर जंगमपाल में ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, स्वास्थ्य परामर्श सहित आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।