दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 7 अगस्त। पुराना मार्केट स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बचेली में बुधवार को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विलासिनी नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिक्षा समिति के सदस्यों, पालकों, विद्यालय परिवार एवं छात्राओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पात्र छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
इस अवसर पर विलासिनी नाग ने छात्राओं को प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालय आने, पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने सरस्वती साइकिल योजना को छात्राओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। अंत में सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।