दन्तेवाड़ा

बिना सूचना रह रहे बाहरी व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सत्यापन अभियान जारी
06-Aug-2026 11:12 PM
बिना सूचना रह रहे बाहरी व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सत्यापन अभियान जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 6 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले की गीदम पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना स्थानीय थाने में मुसाफिरी दर्ज कराए रह रहे व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम हारम स्थित एक ऑटोमोबाइल गैरेज के निरीक्षण के दौरान झारखंड और उत्तर प्रदेश से आए कुछ व्यक्ति बिना स्थानीय थाने को सूचना दिए निवास एवं कार्य करते पाए गए।

नियमानुसार सूचना उपलब्ध न कराने पर पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों के गृह थाना क्षेत्रों में उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए तहरीर भेजी गई है। इसके साथ ही इन व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए भविष्य में अनिवार्य रूप से मुसाफिरी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों, मकान मालिकों, व्यवसायियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने यहां किराएदार या कर्मचारी के रूप में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी तत्काल संबंधित थाने में देकर मुसाफिरी दर्ज कराएं।

साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या छत्तीसगढ़ शासन के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने का आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट