दन्तेवाड़ा
एसपी ने बढ़ाया हौसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 5 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ राष्ट्रहित में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण एवं विशिष्ट कार्यों की सराहना की।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने जिले के उन पुलिस अफसरों को सम्मानित किया, जिन्होंने नक्सल उन्मूलन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पुलिस की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खुंटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन उप पुलिस अधीक्षक, राहुल उइके, उप पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुंभकार, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, निरीक्षक मुकेश ताती , संजय पोटाम ,संतोष हेमला, चैतराम गुरुपंच, रामअवतार पटेल, उप निरीक्षक - हजारीलाल मौर्य, उप निरीक्षक लोचन पैंकरा और कोसा कुंजाम शामिल हैं।
उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक - चंद्रमोहन
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन तथा उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस भविष्य में भी आमजन की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नक्सल उन्मूलन एवं जनसेवा के कार्यों में पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी प्रतिबद्धता, पेशेवर दक्षता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर जिले एवं छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाते रहे।